भोपाल, 19 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के जिला चिकित्सालय में चिकित्सक को धमकाने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता को प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया है।
सीहोर जिला अस्पताल में एक मरीज के उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि जसपाल सिंह अरोरा ने बुधवार को अस्पताल के चिकित्सक को धमकाया था। उन्होंने यहां तक कह दिया था, “दौड़ाकर मारेंगे और कपड़े तक फड़वा देंगे।” सत्तारूढ़ पार्टी के नेता की इस बात से चिकित्सकों में नाराजगी है।
चिकित्सक से अभद्रता के मामले ने जब तूल पकड़ा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौहान के निर्देश पर सीहोर के पार्टी नेता जसपाल अरोड़ा को कुछ चिकित्सकों के साथ कथित अभद्रता के आरोप में ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
अरोड़ा को चौहान के निर्देश पर प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येंद्र भूषण सिंह ने नोटिस जारी किया है।
dharmpath.com dharmpath