विदिशा, 7 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों के महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे सागर जिले के तेंदूपत्ता संग्राहकों की बस विदिशा जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार, इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 51 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में से आठ की हालत गंभीर है।
त्योंदा थाने के प्रभारी एन. पी. दायमा ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि भोपाल में आयोजित महासम्मेलन में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी बस बगरोद चौराहे के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ज्ञान सिंह (45) की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य 51 लोगों को काफी चोटें आई हैं।
दायमा के अनुसार, घायलों को ग्यारसपुर के अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल आठ लोगों को विदिशा के जिला अस्पताल भेजा दिया गया है।
भोपाल के जम्बूरी मैदान में रविवार को तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों के सदस्यों का महासम्मेलन आयोजित है। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित राज्य सरकार के चार मंत्रियों के अलावा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी शामिल होंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरे राज्य से तेंदूपत्ता संग्राहकों और वन समितियों के सदस्यों को आमंत्रित किया गया है और भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी पार्टी कार्यकर्ताओं पर है।
मुख्यमंत्री चौहान ने दो दिन पहले ही परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक में बसों की ‘ओवर लोडिंग’ पर चिंता जताते हुए घोषणा की थी कि प्रदेशवासियों द्वारा वाट्सएप और सोशल मीडिया पर भेजी गई फोटो के आधार पर बस मालिक और चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath