भोपाल, 30 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों पर नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो की रपट ने सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 2016 की रपट से खुलासा हुआ है कि दुष्कर्म के मामले में राज्य देश में सबसे अव्वल है। यहां एक साल में 4882 दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं, यानी लगभग 13 दुष्कर्म हर रोज। इन आंकड़ों पर विपक्ष ने शिवराज पर हमला बोला है।
एनसीआरबी द्वारा गुरुवार को जारी ब्यौरे के मुताबिक, देश में वर्ष 2016 में वर्ष 2015 की तुलना में दुष्कर्म के मामलों में 12.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्ष 2015 में दुष्कर्म के देश में 34,651 मामले सामने आए थे तो वर्ष 2016 में यह बढ़कर 38,947 हो गए हैं।
दुष्कर्म के मामलों में मध्य प्रदेश की स्थिति पर गौर किया जाए तो एक बात साफ हो जाती है कि यह राज्य दुष्कर्म के मामले में देश में सबसे आगे है। यहां वर्ष 2016 में दुष्कर्म के 4882 मामले सामने आए। मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र पीछे हैं।
एनसीआरबी की रपट आने पर विपक्ष हमलावर हो गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने शिवराज सरकार के 12 साल बेमिसाल के जश्न पर प्रहार करते हुए कहा, “एनसीआरबी के आंकड़ों ने मप्र की कानून-व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी है। मप्र विगत सात सालों से दुष्कर्म के मामले में देश में नंबर-एक बना हुआ है। वहीं प्रदेश के अनुसूचित जनजाति वर्ग पर अत्याचार में भी मप्र देश में अव्वल है।”
यादव ने आगे कहा, “प्रदेश में बच्चियों, युवतियों और महिलाओं के साथ हुईं दुष्कर्म की घटनाओं पर एनसीआरबी की रपट ने एक बार फिर प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। प्रदेश में दुष्कर्म के मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में औसतन प्रतिदिन दुष्कर्म की 13 घटनाएं घटित हो रही हैं, जो प्रदेश की जर्जर कानून-व्यवस्था एवं जंगल राज की ओर इंगित कर रहा है। एक ओर जहां मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान लाड़ली लक्ष्मी योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना की डींगें हांकते नहीं अघाते हैं, वहीं दूसरी ओर एनसीआरबी के आकड़े भयावह स्थिति को परिलक्षित कर रहे हैं। ‘मामा के राज में भांजियां एवं बहनें कितनी सुरक्षित हैं’, इन आंकड़ों से उजागर हो गया है।”
आम आदमी पार्टी (आप) ने भी एनसीआरबी की रपट का हवाला देते हुए कहा कि 12 साल का जश्न मना रहे शिवराज सरकार की इस रपट ने पोल खोल दी है।
आप के प्रदेश संगठन सचिव अमित भटनागर ने कहा, “खुद को मामा कहने वाले शिवराज सिंह के शासन में हर रोज 13 से ज्यादा दुष्कर्म होते हैं। एक बार फिर साबित हुआ है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।”
dharmpath.com dharmpath