नरसिंहपुर, 5 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में बन रहे एनटीपीसी संयंत्र के कारण विस्थापित हुए किसानों की मांगें पूरी कराने और उन पर दर्ज मामलों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के सामने चल रहा धरना पांचवें दिन सोमवार को स्थगित कर दिया गया। धरना दे रहे वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा वापस चले गए हैं। गाडरवारा में धरना हालांकि जारी है।
किसान मजदूर संघ के नेता शिव कुमार शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि एक ही संगठन का धरना दो स्थानों पर चलने से थोड़ी दिक्कत आ रही थी। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पूर्व वित्तवंत्री यशवंत सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को पांचवें दिन तक धरना चला। इस धरने को भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी समर्थन दिया। अब इसे स्थगित कर दिया गया है। देनों सिन्हा वापस चले गए हैं।
शर्मा ने आगे बताया कि प्रशासन ने किसानों पर दर्ज मामला वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं एनटीपीसी संविदा पर कर्मचारी रखने को तैयार है, मगर भू-अधिग्रहण से प्रभावित किसान स्थायी नौकरी चाहते हैं। गाडरवारा में संयंत्र के सामने 22 दिसंबर से धरना चल रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा।
शर्मा ने आगे बताया कि अब 23 फरवरी को दिल्ली में धरना प्रस्तावित है, जिसमें यशवंत सिन्हा भी मौजूद रहेंगे।
dharmpath.com dharmpath