खंडवा, 2 फरवरी (आईएएनएस)। देश में यह शायद पहला मौका होगा, जब किसी राज्य की मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की बैठक नदी पर तैरते क्रूज पर हुई। मध्यप्रदेश में राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक मंगलवार को खंडवा जिले के हनुवंतिया टापू पर नर्मदा नदी में तैरते ‘नर्मदा क्वीन क्रूज’ पर हुई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में देश की अपनी तरह की इस पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में पर्यटन के विकास के मसले पर गहन विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री शिवराज ने बताया कि कृषि कैबिनेट की तर्ज पर प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को साकार रूप देने के लिए पर्यटन कैबिनेट भी गठित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा सागर के इस बेक-वाटर का दृश्य एक अंतर्राष्ट्रीय-स्तर के पर्यटन-स्थल की तरह है। यह एशिया के विशालतम मानव निर्मित बांध के साथ ही इस विपुल जलराशि के मध्य स्थित अनोखा स्थान है। मध्यप्रदेश सरकार इसे एक विशिष्ट पर्यटन-स्थल के रूप में निरंतर विकसित करेगी।
राज्य के पर्यटन विकास निगम द्वारा खंडवा जिले में हनुवंतिया टूरिस्ट कॉम्पलेक्स विकसित किया गया है। यहां पहुंचने के लिए इंदौर से लगभग 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। यह स्थान महेश्वर से लगभग 150 और ओंकारेश्वर से 85 किलोमीटर दूर है। राजधानी भोपाल से यहां तक पहुंचने के तीन मार्ग हैं। अलग-अलग मार्गो से इसकी दूरी लगभग 300 से 350 किलोमीटर है।
पर्यटन विभाग द्वारा इसी माह 12 से 21 फरवरी के बीच हनुवंतिया टापू पर जल-महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में रोमांचक एवं साहसिक खेलों की गतिविधियां होंगी। महोत्सव में मध्यप्रदेश की बहुआयामी लोक संस्कृति की छटा भी बिखरेगी, साथ ही फूड बाजार सजेगा।
dharmpath.com dharmpath