मप्र : नेपानगर में भाजपा जीती, शहडोल में आगे (लीड-2)

भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार मंजू दादू ने लगभग 42,198 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस जीत पर मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं शहडोल संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार ज्ञान सिंह बढ़त बनाए हुए हैं।

राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना पूरी हो गई है। यहां भाजपा उम्मीदवार ने 42,198 मतों के अंतर से विजय हासिल की है।

मंजू दादू की जीत पर राज्य के मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट कर मतदाताओं का आभार जताया है। राज्य के भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्घे ने इस जीत के लिए मुख्यमंत्री चौहान को बधाई दी है।

दूसरी ओर, शहडोल संसदीय क्षेत्र में भाजपा के उम्मीदवार ज्ञान सिंह कांग्रेस उम्मीदवार हिमांद्री सिंह से 26,089 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के मुताबिक, शहडोल संसदीय क्षेत्र की मतगणना चार जिला मुख्यालयों और नेपानगर की मतगणना बुरहानपुर जिला मुख्यालय पर हो रही है। शहडोल संसदीय क्षेत्र में कुल 17 उम्मीदवार हैं।

इन सीटों के लिए 19 नवंबर को मतदान हुए थे। शहडोल संसदीय क्षेत्र में 66 प्रतिशत और नेपानगर में लगभग 73 प्रतिशत वोट पड़े थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493