भोपाल, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नेपाली समाज का देश का पहला युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में देशभर से आए विवाह योग्य 200 युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया।
सम्मेलन में दिल्ली, मुंबई, नागपुर, इंदौर, पुणे, सागर, ग्वालियर, भोपाल, जबलपुर, देवास, रायसेन सहित विभिन्न शहरों से युवक-युवतियां पहुंचे थे।
श्री पशुपतिनाथ नेपाली समाज की ओर से जानकारी दी गई कि गोविंदपुरा क्षेत्र में स्थित मंदिर प्रांगण में आयोजित इस सम्मेलन में देशभर से आए 200 से अधिक विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच से अपना परिचय देते हुए भावी जीवनसाथी के बारे में बेबाक राय रखी।
राज्य सरकार के गृहमंत्री बाबूलाल गौर ने समाज की स्मारिका का विमोचन करते हुए कहा कि यह सम्मेलन भारत और नेपाल के ऐतिहासिक संबंध को और प्रगाढ़ बनाएगा।
विधायक, विश्वास सारंग एवं महिला आयोग की पूर्व सदस्य शशि सिन्हा ने समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान कर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष लीलामणि पाण्डे, दिवाकर आर्याल, डोलराज भंडारी, पूर्व अध्यक्ष डोलराज गैरे सहित समाज के पूर्व अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं वरिष्ठजन उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath