भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली, विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा सहित सरकार के कई मंत्रियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। यादव का मंगलवार को लखनऊ में उपचार के दौरान एक अस्पताल में निधन हो गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों एवं अनुयायियों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
चौहान ने कहा कि स्वर्गीय यादव ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल के रूप में प्रदेश की जनता के कल्याण के लिए बेहतर कार्य किया। अत्यंत साधारण निर्धन परिवार में जन्म होने पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर उच्च शिक्षा प्राप्त की।
राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली ने पूर्व राज्यपाल यादव के निधन पर अपने शोक संदेश में कहा कि वह महान कर्मयोगी, गांधीवादी, जनप्रिय नेता थे। वह राजनीतिक क्षितिज पर सादगी, ईमानदारी तथा न्यायप्रियता की प्रतिमूर्ति थे।
राज्य विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, राज्य सरकार के मंत्री नरेात्तम मिश्रा, उमाशंकर गुप्ता, राजेंद्र शुक्ल, विश्वास सारंग, दीपक जोशी ने गहरा दुख व्यक्त किया।
dharmpath.com dharmpath