मप्र : बच्चे को लात मारने वाली मंत्री के बचाव में भाजपा सरकार

भोपाल, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार, बच्चे के सिर पर लात मारकर विवादों में घिरी पशु पालन मंत्री कुसुम महदेले के बचाव में उतर आई है।

सरकार और पार्टी ने सोमवार को वीडियो की सत्यता पर ही सवाल उठा दिया है। दूसरी ओर मंत्री महदेले ने बच्चे को लात मारने जैसी घटना से ही इंकार कर दिया है।

ज्ञात हो कि रविवार को वायरल हुए एक वीडियो में मंत्री महदेले एक बच्चे के सिर पर लात मारते दिखाई दे रही है।

राज्य सरकार के प्रवक्ता नरोत्तम मिश्रा ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि महदेले ने इस तरह की किसी घटना से इंकार किया है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनसे बात करेंगे।

मिश्रा ने कहा कि वीडियो की सत्यता का भी पता लगाया जाएगा कि कहीं उससे छेड़छाड़ तो नहीं हुई है।

इसी तरह की बात पार्टी की ओर से संवाद प्रमुख डॉ. हितेश वाजपेयी ने की है। उन्होंने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, “पार्टी ने महदेले से बात की है। उन्होंने आरोप को नकार दिया है। वह वरिष्ठ महिला मंत्री हैं, लिहाजा उनकी बात पर विश्वास किया जाना चाहिए। वीडियो की जांच भी जरूरी है।”

इस बीच, महदेले ने पन्ना में संवाददाताओं से कहा कि वह स्वच्छता अभियान के बाद अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रही थीं, तब मीडिया के लोगों ने उनसे बात की। “इस दौरान एक आदमी उनके पैर पर गिरा।” उसके बाद वह अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ गईं। जो कहा जा रहा है वैसा कुछ हुआ नहीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंत्री महदेले राज्य के स्थापना दिवस के मौके पर पन्ना जिला मुख्यालय के बस स्टैंड पर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई कार्य में हिस्सा लेने के बाद अपनी कार की ओर बढ़ रही थीं। इसी दौरान एक 10 वर्षीय बच्चा भीख में एक रुपया मांगता हुआ आया और उसने अपना सिर मंत्री के पैरों के सामने रख दिया। इस पर महदेले ने कथित तौर पर बच्चे के सिर पर लात मार दी।

ज्ञात हो कि महदेले अपने बयानों से पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। उन्होंने पिछले दिनों दमोह जिले में किसानों की मौत पर बेतुका बयान दिया था। उन्होंने कहा था, “कोई किसान जवान बेटे की मौत पर आत्महत्या नहीं करता तो फसल के खराब होने पर कोई कैसे आत्महत्या कर सकता है, जबकि जवान बेटे की मौत का दुख फसल के नुकसान से बड़ा होता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493