बड़वानी, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के खेतरी गांव में हाट बाजार गए लोगों ने वहां बिक रही कोई ऐसी चीज खा ली जो जहरीली थी। कुछ घंटे बाद चार लोगों की मौत हो गई। 130 से ज्यादा लोग बीमार हैं, जिनका इलाज जारी है।
बड़वानी के जिलाधिकारी तेजस्वी नायक ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि शनिवार को खेतरी गांव में हाट बाजार था और इस मौके पर गांव के लोगों ने कोई पदार्थ खाया, जिससे बड़ी संख्या में लोग बीमार हुए, जिनमें से अब तक चार की मौत हो चुकी है, वहीं 130 से ज्यादा बीमारों का इलाज चल रहा है।
नायक स्वयं प्रभावित गांव पहुंचे और उन्होंने आगे बताया कि बीमारों के उपचार के लिए गांव में ही स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है, जहां 130 लोगों का इलाज चल रहा है। इसके अलावा 11 बीमारों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है।
नायक ने डायरिया फैलने की बात को नकारते हुए कहा कि इस गांव के लोग हाट बाजार में को विषाक्त पदार्थ खाने से बीमार हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath