नीमच, 9 अगस्त (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के नीचम में जारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां के लगभग सात गांव में 40 लोग बाढ़ में फंस गए, उनमें से 30 को मंगलवार को सुरक्षित निकाल लिया गया है, वहीं 10 से ज्यादा लोग अब भी बाढ़ के पानी में फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है।
नीमच के जिलाधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि पिछले दो दिनों से जारी बारिश से रतनगढ़, सिंगोली इलाके में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। नदियों के उफान पर आ जाने से कई गांव में पानी भर गया है। इस बाढ़ के चलते 40 लोगों की जिंदगी मुसीबत में फंस गई।
श्रीवास्तव के अनुसार, बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की जरूरत महसूस हुई, मगर हेलीकॉप्टर न मिलने पर सीआरपीएफ की मदद से 30 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, 10 और लोग फंसे हैं, जिन्हें निकाल लिया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि सोमवार को भी कई लोग बाढ़ में फंसे थे, वे जान बचाने पेड़ पर चढ़े हुए थे। सात लोगों को चित्तौड़गढ़ के जिलाधिकारी की मदद से हेलीकॉप्टर मिल गया था और सात लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
dharmpath.com dharmpath