बालाघाट, 16 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश करते हुए कुछ पर्चे फेंके हैं। इन पर्चो में सरकार की योजनाओं के विरोध का आह्वान किया गया है। वहीं पुलिस इन पर्चो को लेकर संशय में है और वह सीधे तौर पर इन पचरे के नक्सलियों के होने की बात स्वीकार करने में हिचक रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रुपझर थाना क्षेत्र में तलाशी के दौरान बुधवार को सुरक्षा बलों को सड़क और अन्य स्थानों पर पर्चे मिले हैं। इन पर्चो में सरकार की विकास योजनाओं को महज दिखावा करार दिया गया है। इसमें लिखा गया है कि विकास योजनाएं ग्रामीणों के लिए नहीं बल्कि यहां की प्राकृतिक संपदा को लूटने के लिए चलाए जा रहे हैं।
सुारक्षा बलों को मिले पर्चो में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यो का विरोध करने का आह्वान करते हुए कहा गया है कि सड़क का निर्माण यहां की संपदा को दूसरे स्थान पर ले जाने और कारोबारियों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। यह पर्चे मलाजखंड एरिया कमेटी की ओर से फेंके गए हैं।
बालाघाट के पुलिस अधीक्षक गौरव तिवारी ने आईएएनएस से कहा कि सुरक्षा बलों को पर्चे मिले हैं, यह पर्चे नक्सलियों ने ही फेंके हैं इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है, क्योंकि सीधे तौर पर किसी संगठन का जिक्र नहीं है। उसके बावजूद सुरक्षा बलों को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं नक्सलियों के 23 मार्च से शुरू हो रहे शहीद सप्ताह को देखते हुए सुरक्षा बलों द्वारा विशेष अभियान चलाया जाता है।
dharmpath.com dharmpath