बालाघाट, 27 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित जिले बालाघाट में नक्सलियों ने सोमवार को पोस्टर-बैनर लगाकर नक्सली दिवस मनाने का ऐलान किया और ग्रामीणों से सहयोग मांगा।
सूत्रों के अनुसार, सुबह में पुलिस पार्टी जब लांजी इलाके में गश्त कर रही थी, तभी उसे नक्सलियों के पोस्टर मिले। इन पोस्टरों में 28 जुलाई से तीन अगस्त तक नक्सली दिवस मनाने की बात कही गई है। नक्सलियों ने कई पेड़ों पर भी बैनर लगा रखे हैं।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों के पोस्टर और बैनरों में ‘चारु मजूमदार’ जिंदाबाद के नारे लिखे होने के साथ नक्सली दिवस में सहयोग की अपील की गई है। नक्सली अपने साथियों को श्रद्धांजलि देंगे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे भी उनके साथ रहें।
बालाघाट क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक डी. एस. सागर ने आईएएनएस को बताया कि नक्सलियों ने ग्रामीणों को भ्रमित करने के लिए ये पोस्टर-बैनर लगाए हैं। पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
dharmpath.com dharmpath