बैतूल, 8 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के अस्पताल से दुष्कर्म के आरोपी के फरार होने के मामले में उप निरीक्षक (सब इंस्पेक्टर) सहित चार पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक राकेश जैन ने निलंबित कर दिया। निलंबन की यह कार्रवाई सोमवार को की गई।
उल्लेखनीय है कि सुबाजी पिता मोंग्या कोरकू पर मोहदा थाने में एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने सांप काटने का बहाना किया, उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां से वह मौका पाकर फरार हो गया। जब आरोपी फरार हुआ, उस समय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी सो रहे थे।
पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार जैन ने संवाददाताओं को बताया कि लापरवाही बरतने पर एसआई रामकरण कौशल, प्रधान आरक्षक अहकाम खान, आरक्षक रवि यादव और आरक्षक मदनलाल मर्सकोले को निलंबित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath