धार, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार को धार के मोहनखेड़ा में शुरू हुई। इस बैठक के पहले दिन अभी हाल ही में हुए बांधवगढ़ व अटेर विधानसभा उपचुनाव की चर्चा रही, मगर अटेर की हार का जिक्र कई नेता करने से नहीं चूके।
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने कार्यसमिति को संबोधित करते हुए अटेर की हार से इशारों-इशारों में कार्यकर्ताओं से कहा कि वे निराश न हों। उन्होंने कहा, “वर्ष 2018 में राज्य में शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा चौथी बार सरकार बनाएगी और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भी भाजपा की सरकार फिर स्थापित होगी।”
अटेर में कांग्रेस और बांधवगढ़ में भाजपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा है।
प्रदेशाध्यक्ष चौहान ने बांधवगढ़ और अटेर में हुए विधानसभा के उपचुनावों की चर्चा की। उन्होंने कहा कि बांधवगढ़ चुनाव में 25,000 से अधिक मतों की भारी-भरकम जीत मिली है, साथ ही अटेर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के वोटों में 11,000 से अधिक वोट मिले, सिर्फ 800 वोटों की कमी रह गई, उसकी भी समीक्षा करेंगे और निश्चित तौर पर ही आगे से इस प्रकार की कमी नहीं रहे, इसके प्रयास भी किए जाएंगे।
इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “हमारी सरकारों के काम जन-जन के हित में हैं और वह किसी न किसी रूप में जनता तक पहुंच रहे हैं।” उन्होंने उज्जवला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ऐसी अद्भुत योजना है, जिससे गरीब के चूल्हे की सूरत बदल गई है।
इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, सांसद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह ने किया।
dharmpath.com dharmpath