मप्र : भाजपा नेता से डरी महिला चिकित्सक का इस्तीफा

भोपाल, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के सरकारी अस्पताल की महिला चिकित्सक डॉ. सरिता सिंह यादव ने भारतीय जनता पार्टी के एक नेता पर धमकाने का आरोप लगाते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है।

राजगढ़ जिले के सारंगपुर सिविल अस्पताल में पदस्थ महिला चिकित्सक डॉ. सरिता सिंह यादव ने स्वास्थ्य विभाग के आयुक्त को पत्र लिखकर कहा है कि जनपद पंचायत सारंगपुर की अध्यक्ष के पति उपेंद्र छावरी ने उससे पैसों की मांग की। मांग पूरी न करने पर उन्होंने धमकाया।

डॉ. सरिता ने छावरी पर अभद्रता का भी आरोप लगाया है। इस संदर्भ में छावरी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर वे उपलब्ध नहीं हुए।

धमकी की ताजा घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने बुधवार को कहा कि गुना में भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल जैन और वी.डी. शर्मा ने भाजपा के झंडे व बैनर हटवाने पर डिप्टी कलेक्टर विशाखा देशपांडे को चुनाव के बाद ‘देख लेने’ की धमकी दी। अब सारंगपुर की सरकारी चिकित्सक ने डरकर इस्तीफा दे दिया है। इससे पता चलता है कि भाजपा के लोग अधिकारियों को अपना ‘बंधुआ मजदूर’ समझने लगे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493