मप्र : भाजपा हरेक विधानसभा में 11 हजार महिलाओं के बीमा कराएगी

भोपाल, 9 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्य प्रदेश इकाई 27 अगस्त से ‘रक्षाबंधन सामाजिक सुरक्षा अभियान’ शुरू कर रही है। इस अभियान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र में 11 हजार महिलाओं का बीमा पंजीयन कराया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा है, “रक्षाबंधन पर्व पर भाजपा पूरे प्रदेश में 27 अगस्त से सामाजिक सुरक्षा अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान में बूथ स्तर पर लक्ष्य बनाकर मंडल स्तर पर वृहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”

उन्होंने कहा, “कार्यक्रम में भाइयों द्वारा बहनों की सुरक्षा एवं भविष्य में उन्हें प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत बीमा कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 11 हजार महिलाओं का बीमा पंजीयन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।”

चौहान ने बताया कि पार्टी स्तर पर यह कार्यक्रम 27 अगस्त से रक्षाबंधन पर्व तक आयोजित होगा। अभियान के तहत योजना एवं कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार, होर्डिग्स, बैनर, पम्फलेट, पोस्टर इत्यादि के माध्यम से किया जाएगा।

चौहान ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के माध्यम से सुरक्षा कवच प्रदान किया है। प्रदेश भाजपा इन योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति को लाभान्वित करने का प्रयास करेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493