भोपाल, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में आए भूकंप के प्रभावितों की मदद के लिए मध्य प्रदेश में हर तरफ से हाथ बढ़ने लगे हैं। राज्य सरकार ने जहां पांच करोड़ और मंत्रि-परिषद ने एक माह का वेतन प्रधानमंत्री राहत कोष को दिया है, वहीं सागर नगर निगम ने छह लाख सत्तावन हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपा है।
सागर में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री चौहान ने बुधवार को कहा कि परहित से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। दूसरों की भलाई के लिये काम करें तो भगवान स्वयं मिल जाएंगे। परमात्मा से मिलने के तीन मार्ग हैं – ज्ञान, भक्ति और कर्म। ज्ञान से स्वयं के साथ-साथ दूसरों को भी सद्मार्ग की सीख, भक्ति से समर्पण भाव और कर्म के जरिए परमात्मा से मिलन का मार्ग आसान होता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नेपाल में भूकम्प त्रासदी के लिये अभी पांच करोड़ की राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने जन-सामान्य से अपील की, कि वे भूकम्प त्रासदी से प्रभावित लोगों की मदद में आगे आएं और सहायता राशि देने का काम करें। प्राप्त राशि को प्रधानमंत्री के माध्यम से नेपाल में प्रभावितों की मदद के लिए भेजा जायेगा। मुख्यमंत्री को सागर नगर निगम की ओर से भी छह लाख 57 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक दिया गया।
राज्य मंत्रिपरिषद ने मंगलवार को भूकंप में नेपाल और बिहार में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए एक माह का वेतन भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए प्रधानमंत्री कोष में देने का ऐलान किया है।
dharmpath.com dharmpath