मंदसौर (मध्य प्रदेश), 22 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में बारिश के कारण नाले में जलस्तर बढ़ने से कार पानी के तेज बहाव में बह गई, जिससे कार सवार सभी चार लोगों की मौत हो गई।
अफजलपुर थाने के प्रभारी लाल सिंह परमार ने बुधवार को आईएएनएस को बताया, “मंगलवार शाम को धामनार और गुलियाना गांव के बीच पड़ने वाले नाले का जलस्तर बढ़ा हुआ था और सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोका जा रहा था। शाम लगभग साढ़े पांच बजे एक कार में सवार चार लोगों को ग्रामीणों ने नाला पार करने से रोका मगर वे नहीं माने।”
परमार के अनुसार, जैसे ही कार नाले की पुलिया के बीच तक पहुंच पाती उससे पहले ही पानी के बहाव में कार बह गई। मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 100 और 108 को सूचना दी। दोनों दल मौके पर पहुंचे, राहत और बचाव कार्य चलाकर कार में सवार चारों लोगों को निकालकर देर शाम जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।
dharmpath.com dharmpath