भोपाल, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दशहरा और दीपावली पर्व के मद्देनजर मध्य प्रदेश के प्रमुख मंदिरों, धर्मस्थलों के अलावा झांकी स्थलों पर सुरक्षा चुस्त करने के निर्देश सभी पुलिस अधिकारियों को दिए गए हैं।
पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने बुधवार को प्रदेश के सभी पुलिस महानिरीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कान्फ्रेन्स पर चर्चा की, और इस बाबत निर्देश जारी किए।
शुक्ला के निर्देशानुसार, प्रमुख मन्दिरों एवं धर्मस्थलों, झांकी स्थलों पर पुलिस की सख्त व्यवस्था होगी, और झांकी आयोजकों को कुछ कार्यकर्ताओं को एस़ पी़ ओ़ भी बनाने का अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए आयोजकों को प्रेरित किया जाएगा। मन्दिरों एवं झांकियों में आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनवाए जाएंगे।
शुक्ला ने कहा, “संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा डीजे संचालकों के साथ बैठक की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि आपत्तिजनक गाने न बजे, साथ ही डीजे की ध्वनि का स्तर और समय निर्धारित किया जाए।”
शुक्ला ने इस दौरान स्थानीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान वाट्सएप एवं अन्य सोशल मीडिया ग्रुप पर भी निगरानी रखी जाए, तथा आपत्तिजनक पोस्ट होने पर तत्काल कार्रवाई की जाए, ताकि किसी प्रकार की अफवाह न फैले।
पुलिस महानिदेशक ने संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्घ अग्रिम प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का भी अफसरों को निर्देश दिया।
dharmpath.com dharmpath