मप्र में आसमान साफ, उमस बढ़ी

भोपाल, 1 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में बुधवार को मौसम साफ है और धूप निकली है। धूप के कारण वातावरण में गर्मी और उमस है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया है।

राज्य में मानसून के दस्तक देने के बाद से कभी झमाझम बारिश और कभी धूप का क्रम बना हुआ है। बारिश थमने के बाद पिछले दो दिनों में धूप निकलने से राज्य में गर्मी और उमस बढ़ गई है। हालांकि, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश हुई है।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भिंड, मुरैना, दतिया, ग्वालियर, टीकमगढ़, छतरपुर, सतना, रीवा, पन्ना, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट जिलों के अलावा उज्जैन व इंदौर संभागों में गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है।

बारिश के कारण राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में इंदौर का न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 24 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.1 डिगी सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, मंगलवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 33.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 34.6 डिग्री और जबलपुर का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493