मप्र में इंजीरियरिंग की पढ़ाई हिंदी माध्यम से

भोपाल, 21 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्विविद्यालय में अगले सत्र से इंजीनियरिंग (अभियांत्रिकी) की पढ़ाई हिंदी माध्यम से होगी। अभियांत्रिकी के प्रस्तावित पाठ्यक्रम का विमोचन अभियांत्रिकी शिक्षा सम्मेलन में सोमवार को उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने किया।

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री गुप्ता ने कहा कि सभी विद्वान मूलचिंतन मातृभाषा में ही करते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि हिंदी में लिखने वाले लेखकों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करें।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगले सत्र से पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए काम का बंटवारा युद्ध स्तर पर किया जाए। अभियांत्रिकी पाठ्यक्रम में तकनीकी शब्दों को यथावत रखा जा सकता है, मगर इसके लिए जरुरी है कि प्राध्यापकों का माइंडसेट भी हिंदी में पढ़ाने का होना चाहिए।

हिन्दी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एम़ एल़ छीपा ने अभियांत्रिकी पाठ्यक्रम हिंदी में शुरू करने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। इस मौके पर बताया गया कि अभियांत्रिकी के छह सेमेस्टर का पाठ्यक्रम हिंदी में बनाया जा चुका है।

राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पीयूष त्रिवेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं उससे संबद्ध कॉलेजों में भी विद्यार्थियों के स्वेच्छानुसार हिंदी में भी पढ़ाई कराई जाएगी।

इस अवसर पर इंजीनियरिंग की किताब हिंदी में लिखने वाले लेखकों को शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493