भोपाल, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में ऊर्जा विकास निगम द्वारा एलईडी टयूब-लाइट और ऊर्जा दक्ष पंखों की भी बिक्री होगी। ट्यूब-लाइट की कीमत 230 रुपये और पंखे 1150 रुपये रखी गई है।
मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष विजेन्द्र सिंह सिसोदिया की ओर से गुरुवार की शाम को दी गई जानकारी के मुताबिक, उजाला योजना में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग एवं भारत सरकार की ऊर्जा दक्षता सेवा लिमिटेड (ईईएसएल) द्वारा ऊर्जा दक्ष ट्यूब-लाइट और पांच स्टार रेटिंग पंखों का वितरण शुरू किया जा रहा है।
सिसोदिया के मुताबिक, उजाला योजना में एलईडी बल्ब की अभूतपूर्व सफलता के बाद 20 वाट की एलईडी ट्यूब-लाइट 230 रुपये की दर पर उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएगी, जो बाजार दर की करीब यह एक तिहाई है और इसकी तीन साल की ‘रिप्लेसमेंट वारंटी’ भी होगी।
उन्होंने आगे बताया कि इसी कड़ी में ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी के मापदंडों के अनुरूप पांच स्टार रेटिंग के पंखों का भी वितरण प्रारंभ किया जा रहा है। इसकी कीमत 1150 रुपये है, जो बाजार दर से आधी है। इन पंखों की रिप्लेसमेंट वारंटी ढाई साल की है। ये पंखे 100 वाट के साधारण पंखे जैसे प्रभावी होंगे।
उन्होंने बताया कि बल्ब, ट्यूब लाइट, पंखे आदि की बिक्री की व्यवस्था पोस्ट ऑफिस, ऊर्जा भवन भोपाल, मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम के जिला स्तरीय कार्यालयों, अक्षय ऊर्जा की दुकानों, हाट बाजार, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण केन्द्रों आदि के माध्यम से सुनिश्चित की गई है। ट्यूब लाइट या पंखों में किसी तरह की तकनीकी खराबी होने पर बिना किसी प्रकार के भुगतान के बिल की छायाप्रति उपलब्ध कराने पर बदलने की व्यवस्था की गई है।
dharmpath.com dharmpath