मप्र में कांग्रेस को आरपीआई सहित बसपा के 7 व सपा के 4 नेताओं का साथ मिला

भोपाल, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की तारीख करीब आने के साथ दलबदल का दौर तेज हो चला है। शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सात और समाजवादी पार्टी (सपा) के चार नेता कांग्रेस में शामिल हुए। साथ ही रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (खोब्रागडे) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील हरिशचंद्र रामटेके ने अपने दल का समर्थन कांग्रेस को देने का ऐलान किया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के लोकसभा चुनाव प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी की मौजूदगी में यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बसपा नेता व पूर्व विधायक रामलखन सिंह पटेल, पूर्व जनपद अध्यक्ष बी.एल़ सिंह पटेल, सिद्धनाथ साहू, दुर्गा प्रसाद साहू, शिवचरण कुशवाहा, मनोज पटेल और राकेश साहू ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं सपा नेता व पवई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके भुवन विक्रम सिंह के अलावा तान्या सालोमन, आदित्य रत्नेश सालोमन एवं भागचंद यादव ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पचौरी ने बसपा और सपा छोड़कर आए नेताओं को कांग्रेस पार्टी का पट्ट ओढ़ाकर सदस्यता दिलाई। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे।

आरपीआई (खोब्रागडे) के अध्यक्ष रामटेके ने इस मौके पर कहा कि आरपीआई का जनाधार मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर प्रदेशा एवं दिल्ली आदि राज्यों में है। इन राज्यों में आरपीआई (खोब्रागडे) के सांसद विधायक भी चुने जा चुके हैं। मध्य प्रदेश में आरपीआई (खोब्रागडे) ने अन्य संगठनों के साथ बहुजन मोर्चा तैयार किया है। पार्टी का प्रभाव बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल, दमोह, खंडवा, सिवनी, इंदौर और उज्जैन में है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493