भोपाल, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में हवाओं के रुख में आए बदलाव से बुधवार को गर्मी से कुछ राहत है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान भी गर्मी से राहत बने रहने की संभावना जताई है।
राज्य में बुधवार की सुबह से आसमान साफ है और धूप खिली है, मगर लू का असर कम है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में हवाओं का रुख पश्चिमी होने के कारण तापमान में गिरावट आई है और गर्मी से राहत है।
राज्य में बीते 24 घंटों में रीवा, शिवपुरी व खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर, होशंगाबाद, उज्जैन व चंबल संभागों में तापमान सामान्य से कम रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में चंबल, ग्वालियर, सागर संभागों सहित अनेक स्थानों पर धूल भरी आंधी चल सकती है।
राज्य तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री, इंदौर का 20.1 डिग्री, ग्वालियर का 24.1 डिग्री और जबलपुर का 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री, इंदौर का 36.6 डिग्री, ग्वालियर का 40 डिग्री और जबलपुर का 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath