होशंगाबाद, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार भले ही किसानों का भरपूर बिजली मिलने और समय पर खराब ट्रांसफार्मर (डीपी) बदलने के दावे करे मगर हकीकत जुदा है। होशंगाबाद जिले में ट्रांसफार्मर न बदलने से नाराज किसान ने बिजली दफ्तर में लगे पेड़ से लटककर आत्महत्या करने की कोशिश की। किसान को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार डोलरिया क्षेत्र के टिगरिया गांव का किसान ओम प्रकाश पिछले कई दिनों से अपने खेत में बिजली की उपलब्धता के अभाव में सिंचाई नहीं कर पा रहा था। उसने ट्रांसफार्मर बदलने के लिए आवेदन भी दिया था, बुधवार तक जब ट्रांसफार्मर नहीं बदला तो उसने बिजली दफ्तर के परिसर में लगे एक पेड़ से फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या की कोशिश कर डाली। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह ओम प्रकाश को उतारा। बाद में उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सिंचाई के लिए बिजली न मिलने से फसल के सूखने का खतरा बना हुआ है। किसान लगातार ट्रांसफार्मर सुधरवाने के लिए मांग करते आ रहे हैं, उन्हीं में से एक ओम प्रकाश भी हैं।
बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर एस. के. अतुलकर ने संवाददाताओं को बताया कि ओम प्रकाश ने 12 अप्रैल को डीपी बदलने का आवेदन दिया था, बुधवार को डीपी बदली जाना था, मगर उससे पहले ओम प्रकाश ने हंगामा करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
dharmpath.com dharmpath