भोपाल, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार की सुबह खिली धूप सुहावनी लग रही है। वहीं, मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राज्य में धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है। वहीं, धीमी गति की हवाएं सिहरन पैदा करने वाली हैं। बीते 24 घंटे के दौरान दमोह सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों का मौसम शुष्क रहेगा। देर शाम से सुबह तक ठंड का असर रहेगा, वहीं दिन में धूप खिलेगी।
राज्य में लगातार बदल रहे मौसम से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री, इंदौर का 17.2 डिग्री, ग्वालियर का 14.6 डिग्री और जबलपुर का 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री, इंदौर का 32.6 डिग्री, ग्वालियर का 35.5 डिग्री और जबलपुर का 33 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath