भोपाल, 27 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बगैर मेहनताना लिए शौचालय बनाने वाले दिलीप सिंह मालवीय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को आकाशवाणी के सभी केंद्रों से प्रसारित ‘मन की बात’ में न केवल जिक्र किया, बल्कि उसके प्रयास की सराहना भी की।
सीहोर जिले के भोजपुरा में रहने वाले दिलीप को लोगों का खुले में शौच जाना अच्छा नहीं लगता था, लिहाजा उसने सबसे पहले अपने घर में शौचालय के निर्माण किया। पेशे से कारीगर दिलीप ने गांव वालों से शौचालय बनवाने का आह्वान किया और ऐलान किया कि जो भी निर्माण सामग्री लाएगा, वह उसके यहां बगैर मजदूरी शौचालय बनाएगा। बीते लगभग पांच माह में उसने कई शौचालयों का निर्माण किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में दिलीप सिंह का जिक्र किया और उनके प्रयास को स्वच्छता अभियान में बड़ा योगदान बताया। उन्होंने कहा कि मप्र के सीहोर के भोजपुरा गांव का दिलीप बगैर मजदूरी शौचालय बना देता है। वह अब तक सौ शौचालयों का निर्माण कर चुका है।
सीहोर के जिलाधिकारी सुदामा खांडे ने आईएएनएस को बताया कि दिलीप अपने गांव तथा आसपास के गांवों में जाकर बगैर मजदूरी के शौचालयों का निर्माण करता है, उसकी रविवार को ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने भी सराहना की है। दिलीप ने अब तक कितने शौचालय बनाए हैं, इसकी गणना की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath