भोपाल, 10 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में बुधवार की सुबह आंशिक बदली छाई रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान में राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने और बारिश होने की संभावना जताई है।
राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान चली हवाओं और बारिश ने मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव लाया है। भोपाल में 2़8 मिलीमीटर, खजुराहो में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी विभिन्न हिस्सों में सुबह से हल्के बादल छाए रहे, जिससे गर्मी का असर कम रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है और बारिश हो सकती है। इसके अलावा सागर संभाग, दतिया, सतना व गुना में लू चलने के भी चेतावनी जारी की गई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री, इंदौर का 23.8 डिग्री, ग्वालियर का 28.8 डिग्री और जबलपुर का 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री, इंदौर का 39.5 डिग्री, ग्वालियर का 44.5 डिग्री और जबलपुर का 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath