भोपाल, 9 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में मंगलवार सुबह से तेज धूप रही, पर मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कहीं लू चलने की तो कहीं बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान हुई बूंदाबांदी ने उमस बढ़ा दी है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं दमोह, छतरपुर, रीवा, टीकमगढ़, दतिया, गुना, खरगोन आदि स्थानों पर लू चल सकती है।
राज्य के तापमान में बदलाव का क्रम बना हुआ है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री, इंदौर का 24.4 डिग्री, ग्वालियर का 27.5 डिग्री और जबलपुर का 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 43 डिग्री, इंदौर का 41.4 डिग्री, ग्वालियर का 43.8 डिग्री और जबलपुर का 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath