मप्र में भारतीय किसान यूनियन का आंदोलन समाप्त

भोपाल, 30 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन द्वारा बुलाया गया तीन दिवसीय आंदोलन मुख्यमंत्री कमलनाथ की ओर से मिले आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया है।

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष अनिल यादव ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार की रात मुख्यमंत्री कमलनाथ से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि किसानों की कर्ज माफी होगी, बैंकों से नोटिस नहीं आएंगे और खाद-बीज भी समितियों से मिलता रहेगा। इस आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया है।

ज्ञात हो कि, किसानों की कर्ज माफी में आ रही दिक्कत, खाद-बीज न मिलने की शिकायतों और बैंकों के नोटिस आने पर आत्महत्या की घटनाएं बढ़ने की आशंका के चलते किसान यूनियन ने बुधवार से तीन दिवसीय प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू किया था। पहले दिन आंदोलन का मिला-जुला असर रहा था।

इसके अलावा भारतीय किसान मजदूर महासंघ ने भी एक जून से पांच जून तक आंदोलन का ऐलान किया था। इस आंदोलन को लेकर मुख्यमंत्री कमलनाथ की बुधवार दोपहर को महासंघ के प्रतिनिधियों से चर्चा हुई और उनकी समस्याओं को सुनने के बाद निराकरण का आश्वासन दिया। किसानों की समस्याओं के निपटारे के लिए राज्य स्तरीय समिति बनाने का भी निर्णय हुआ। इसके बाद महासंघ ने प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493