भोपाल, 13 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में अगले वर्ष नेटलिंक ग्रुप द्वारा माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और फेसबुक ग्रुप के साथ मिलकर कौशल विकास कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की भागीदारी होगी।
आधिकारिक तौर पर बुधवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, आईटी क्षेत्र के नेटलिंक ग्रुप को औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में 15 एकड़ भूमि आवंटित है। नेटलिंक द्वारा आईटी उद्योग के माध्यम से 500 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। नेटलिंक ग्रुप आवंटित जमीन के कुछ क्षेत्र में आईटी पार्क विकसित करने के साथ ही आईटी फिनिशिंग स्कूल परियोजना शुरू करने जा रहा है।
नेटलिंक की स्कूल परियोजना में आईटी पार्क में कार्यरत प्रोफेशनल्स को निवास और मनोरंजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। आईटी फिनिशिंग स्कूल में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसे नवीनतम विषयों का तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नेटलिंक ग्रुप के अध्यक्ष अनुराग श्रीवास्तव ने प्रस्तावित परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से पिछले दिनों चर्चा की थी। मुख्यमंत्री की ओर से नेटलिंक को उनकी परियोजना में हरसंभव सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath