भोपाल, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार सुबह मौसम साफ रहा और धूप की चुभन कम रही।
राज्य में मंगलवार की सुबह गुलाबी ठंड वाली रही। मौसम साफ होने से खिली धूप ने सुकून दिया। चुभन भी कम रही। इसके साथ ही बीच-बीच में चलने वाली हवाएं कुछ सिहरन पैदा करने वाली रहीं।
मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं के रुख में आ रहे बदलाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव आ रहा है। हवाओं का रुख पश्चिमी-उत्तर पश्चिमी है, जिसके चलते रात में ठंड और दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। राज्य में न्यूनतम तापमान छिंदवाड़ा का 13 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही दिन में मौसम साफ रहेगा, जबकि रात में ठंड का असर बना रहेगा।
राज्य में रात के समय धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है। मंगलवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री, इंदौर का 15.1 डिग्री, ग्वालियर का 13.9 डिग्री और जबलपुर का 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, सोमवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 33 डिग्री, इंदौर का 31.8 डिग्री, ग्वालियर का 32.4 डिग्री और जबलपुर का 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath