लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह से ही आंशिक तौर पर बदली छाई हुई है। इससे तापमान में गिरावट हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान हल्की बारिश हो सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता के अनुसार, दिन में आंशिक बदली की वजह से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किए जाने की उम्मीद है। सोमवार को पूर्वाचल के कई जिलों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंडक बढ़ गई है।
गुप्ता के अनुसार, वायुमंडल में विक्षोभ की स्थिति पैदा होने की वजह से ही बारिश होने की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
लखनऊ के अतिरिक्त मंगलवार को गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री, कानपुर का 20.3 डिग्री, बनारस का 22 डिग्री, इलाहाबाद का 23 डिग्री और झांसी का 24़2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath