भोपाल, 22 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में सोमवार को मौसम साफ है और धूप खिली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। कई स्थानों पर शाम के समय हवाएं चलने से गर्मी से कुछ राहत रही। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल, उज्जैन व भोपाल संभागों के अलावा टीकमगढ़, सागर, छतरपुर, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, डिंडोरी, मंडला व बालाघाट आदि स्थानों पर धूल भरी आंधी के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य बना हुआ है। भोपाल का सोमवार को न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री, इंदौर का 24 डिग्री, ग्वालियर का 27.6 डिग्री और जबलपुर का 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल का रविवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री, इंदौर का 39 डिग्री, ग्वालियर का 41.9 डिग्री और जबलपुर का 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath