मप्र में शीतलहर बरकरार, बौछारें पड़ने का अनुमान

भोपाल, 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर शुक्रवार को शीतलहर का असर बरकरार है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में बौछारें पड़ने से ठंड बढ़ने का अनुमान जताया है।

राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह कोहरा छाने से ठिठुरन पिछले दिनों के मुकाबले कहीं ज्यादा रही। दिन चढ़ने के साथ हालांकि धूप से लोगों को कुछ हद तक राहत मिली, लेकिन बीच-बीच में चलने वाली हवाओं ने सिहरन पैदा की। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों के तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने के साथ-साथ पाला पड़ने, हल्का कोहरा छाने और बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।

राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, इंदौर का 8.6 डिग्री, ग्वालियर का 5.3 डिग्री और जबलपुर का 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले गुरुवार को राजधानी भोपाल का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री, इंदौर का 24.2 डिग्री, ग्वालियर का 24.3 डिग्री और जबलपुर का 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493