भोपाल, 30 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह हल्की बदली रही। उमस बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हवा के साथ बारिश पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य में हल्के बादलों की आवाजाही बनी हुई है। इस वजह से धूप की तल्खी कुछ कम रही, लेकिन उमस बरकरार है। बीते 24 घंटों के दौरान जबलपुर, रीवा, शहडोल, भोपाल, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग में सामान्य से लेकर भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, अलिराजपुर, रीवा, दतिया और भिंड में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का सिलसिला कभी तेज कभी मंद पड़ने से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री, इंदौर में 22.3 डिग्री, ग्वालियर में 25 डिग्री और जबलपुर में 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री, ग्वालियर में 34.5 डिग्री और जबलपुर में 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
dharmpath.com dharmpath