भोपाल, 1 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह से मौसम साफ और सुहावना बना हुआ है। मानसून पूर्व की गतिविधियों के चलते धूप की चुभन कुछ कम हुई है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर बौछारें पड़ने और ओले गिरने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार सुबह खिली धूप के बावजूद चल रही हवाओं से गर्मी का असर कम हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान मानसून पूर्व की गतिविधियों के चलते कहीं धूल भरी आंधी चली तो कहीं बौछारें पड़ीं, इसके चलते गर्मी का असर कुछ कम हुआ है, मगर उसम का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में सागर, रीवा, शहडोल व जबलपुर संभाग सहित कई अन्य स्थानों पर गरज-चमक के साथ बादल बरसने का अनुमान जताया है तो मुरैना, भिंड, छतरपुर, दमोह, सागर, विदिशा राजगढ़ और नरसिंहपुर में ओले गिरने की संभावना जताई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.4 डिग्री सेल्सियस,ग्वालियर का 22.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 40.3 डिंग्री सेल्सियस, इंदौर का 40 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर 41.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath