मप्र में हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई

भोपाल, 19 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में हवाओं के रुख में आए बदलाव से गुरुवार सुबह एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने और कुछ स्थानों पर शीतलहर का असर बने रहने की संभावना जताई है।

राज्य में गुरुवार की सुबह हल्का कोहरा छाने के साथ सर्द हवाओं का दौर चला, जिससे ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी होने से राज्य में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में चंबल संभाग के अलावा ग्वालियर व दतिया में शीतलहर का असर बना रह सकता है। इसके अलावा अन्य स्थानों का मौसम शुष्क रहेगा। वहीं मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना आदि जिलों में कोहरा छा सकता है।

कश्मीर व हिमाचल में जारी बर्फबारी से राज्य के मौसम में बदलाव का क्रम जारी है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 10.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 6.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 24.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 20.8 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493