भोपाल, 26 जनवरी (आईएएनएस)। कश्मीर में हुई बर्फबारी के चलते गुरुवार सुबह मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ गई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में गुरुवार सुबह ठंडी हवाएं चलने से अन्य दिनों के मुकाबले ठिठुरन अधिक रही। इसकी वजह कश्मीर में हुई बर्फबारी रही। वहीं मौसम साफ होने से खिली धूप ने ठिठुरन से राहत दिलाई। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में चंबल संभाग के अलावा ग्वालियर, दतिया, मंदसौर, शिवपुरी आदि स्थानों पर गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
राज्य में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ा है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री, इंदौर का 15.4 डिग्री, ग्वालियर का 13.5 डिग्री और जबलपुर का 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री, इंदौर का 31 डिग्री, ग्वालियर का 30.2 डिग्री और जबलपुर का 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath