जबलपुर, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के रतलाम लोकसभा और देवास विधानसभा के उप-चुनाव की तारीख का बुधवार को निर्वाचन आयोग ने एलान कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रतलाम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र और देवास विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप चुनाव के लिए आगामी 28 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होगी। इसी के साथ नामांकन-पत्र जमा कराने का कार्य शुरू होगा। नामांकन चार नवम्बर तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन-पत्रों की जांच का कार्य पांच नवम्बर को होगा। जांच के बाद सात नवम्बर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
तय चुनाव कार्यक्रम के अनुसार दोनों उप चुनाव के लिए मतदान 21 नवम्बर को तथा मतगणना 24 नवम्बर को होगी। आगामी 26 नवम्बर तक निर्वाचन संबंधी सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उप चुनाव की घोषणा के साथ ही दोनों निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है।
dharmpath.com dharmpath