भोपाल, 26 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राज्यसभा की सीटों के लिए होने वाले चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन को लेकर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई, जिसमें 12 नामों का पैनल बनाकर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजने का फैसला हुआ।
पार्टी के प्रदेश अयक्ष नंदकुमार सिह चौहान ने बताया कि बैठक में विस्तृत रूप से राज्यसभा के प्रत्याशियों के चयन पर दावेदारों के नामों पर मंथन कर 12 नामों का पैनल केंद्र को भेज दिया गया। जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य से निर्वाचित तीन सदस्यों का कार्यकाल खत्म हुआ है, जिनमें से दो भाजपा के अनिल माधव दवे व चंदन मित्रा हैं और एक कांग्रेस की विजय लक्ष्मी साधो हैं। आगामी चुनाव में भी भाजपा के खाते में दो सीटें जाना तय है।
उन्होंने बताया कि चुनाव समिति की बैठक में सिहस्थ-2016 के अद्भुत ऐतिहासिक एवं सफल आयोजन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान के अथक परिश्रम को सराहा गया और समिति के सदस्यों को बधाई दी गई।
उन्होंने बताया कि पार्टी की आगामी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 16 एवं 17 जून को रीवा में करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, मुख्यमंत्री शिवराज सिह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रभात झा, डॉ. सत्यनारायण जटिया, विक्रम वर्मा और राजेंद्र शुक्ला उपस्थित हुए।
dharmpath.com dharmpath