मप्र : राज्यसभा में कांग्रेस उम्मीदवार को बसपा का समर्थन

भोपाल, 4 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में हो रहे राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार विवेक तन्खा का बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने समर्थन करने का फैसला लिया है।

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने शनिवार को एक बयान जारी कर बताया कि बसपा की प्रमुख मायावती ने 11 जून को होने वाले राज्यसभा के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार तन्खा को समर्थन देने का एलान करते हुए चारों विधायकों को तन्खा के पक्ष में मतदान करने हेतु निर्देशित किया है।

उन्होंने कहा कि बसपा की अध्यक्ष मायावती का यह फैसला फांसीवादी और साम्प्रदायिक विचारधारा के खिलाफ है, जो स्वागत योग्य है।

ज्ञात हो कि राज्य में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चार उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा के दो अधिकृत उम्मदीवार अनिल माधव दवे व एम जे अकबर की जीत तय है, वहीं कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार विवेक तन्खा को जीत के लिए एक वोट कम था, मगर अब बसपा का समर्थन मिल गया है। वहीं भाजपा के पदाधिकारी विनोद गोटिया निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं और उसकी कांग्रेस में सेंधमारी की कोशिश जारी हैं।

बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में एक बयान जारी कहा है कि मध्य प्रदेश में बसपा संख्या बल के आधार पर अपना उम्मीदवार जिता नहीं सकती है, लिहाजा पार्टी ने साम्प्रदायिक ताकतों को कमजोर करने के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार विवेक तन्खा को समर्थन देने का फैसला लिया है। इस तरह बसपा के चारों विधायक कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493