विदिशा, 15 नवंबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में बजरंग दल नेता दीपक कुशवाहा की हत्या से रविवार को भड़की हिंसा के बाद लगाए गए कर्फ्यू में मंगलवार को सुबह तीन घंटे और शाम को दो घंटे की ढील दिए जाने से लोगों ने जरूरत के सामान की खरीदारी की। वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और उपद्रवियों पर नजर रखी जा रही है।
ज्ञात हो कि शनिवार की दोपहर को बक्सरिया क्षेत्र में बजरंग दल नेता दीपक कुशवाहा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। उसके बाद भड़की हिंसा में कई मकान, दुकान व वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया था जो सेामवार को पूरे दिन जारी रहा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव सिंह ने आईएएनएस को बताया, “हालात में सुधार आने पर मंगलवार को सुबह नौ बजे से 12 बजे और शाम को पांच से सात बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई, ताकि लोग अपनी जरुरत का सामान खरीद सके। कर्फ्यू में ढील के दौरान शांति रही। रात का कर्फ्यू जारी है।”
कर्फ्यू में ढील की अवधि में कोतवाली थाना क्षेत्र की दुकानें खुली रहीं और लोगों ने जरूरत का ज्यादा से ज्यादा सामान खरीदा। शहर में सुरक्षा बलों की तैनाती है, जो गश्त कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath