भोपाल, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा में हुई अवैध नियुक्तियों के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों विधानसभा के बर्खास्त अधिकारी हैं। अवैध नियुक्तियों के मामले में तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और तत्कालीन विधानसभाध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी भी आरोपी हैं।
भोपाल परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक निवास वर्मा ने मीडिया को बताया कि बर्खास्त सचिव सत्यनारायण शर्मा और बर्खास्त उप सचिव कमलाकांत शर्मा को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। इनकी नियुक्तियां नियमों का उल्लंघन कर की गई थी।
विधानसभा में वर्ष 1993 से 2003 के बीच हुई नियुक्तियों को लेकर फरवरी 2015 में विधानसभा सचिवालय ने जहांगीराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें कहा गया था कि नियमों को ताक पर रखकर नियुक्तियां हुई है। इस मामले में पुलिस ने तत्कालीन विधानसभाध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी और तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित 19 लोगों को आरोपी बनाया था। इस मामले की जांच हो रही है।
dharmpath.com dharmpath