भोपाल, 3 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की विधानसभा में गुरुवार को चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर की गई टिप्पणी पर जमकर हंगामा हुआ। दोनों ही पक्षों ने देशद्रोह और देशभक्ति का मसला उठाया और दोनों में जमकर नोकझोंक हुई। हंगामा इतना बढ़ा कि सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
विधानसभा में गुरुवार को कांग्रेस विधायक रावत सामान्य प्रशासन विभाग पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने जैसे ही संघ पर निशाना साधा, भाजपा विधायक और संसदीय कार्यमंत्री नरोत्तम मिश्रा भड़क उठे। दोनों ओर से एक-दूसरे से सवाल किए जाने लगे, हंगामा बढ़ा तो विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा ने कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी और तमाम बयानों को कार्यवाही से हटा दिया।
विधानसभा के बाहर दोनों दलों ने जमकर नारेबाजी की। बाहर आए भाजपा विधायकों ने साफ किया कि वे अपनी मातृ संस्था संघ पर किसी तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर विधानसभाध्यक्ष ने विधायकों को विभागीय चर्चा से पहले विभागीय प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की।
dharmpath.com dharmpath