भोपाल, 3 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद लगभग दो दिन की भारी मशक्कत के बाद शनिवार की रात को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विभागों का बंटवारा कर दिया। विभागों के बंटवारे के जरिए जहां उन्होंने अपने करीबियों का कद बढ़ा दिया है, वहीं स्पष्टवादी मंत्रियों के पर कतर दिए हैं।
विभागों के बंटवारे के जरिए राजेंद्र शुक्ल, नरोत्तम मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, रामपाल सिंह, लाल सिंह आर्य, दीपक जोशी की जिम्मेदारी बढ़ाई गई है, जबकि गोपाल भार्गव, यशोधरा राजे सिंधिया, कुसुम महदेले और जयंत मलैया के विभागों में कटौती की गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पास सामान्य प्रशासन, विमानन और अन्य सभी विभाग रखे हैं जो किसी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री जयंत मलैया को वित्त एवं वाणिज्यिक कर, गोपाल भार्गव को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण, डॉ. गौरीशंकर शेजवार को वन, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी, डॉ. नरोत्तम मिश्रा को जल संसाधन, जनसंपर्क व संसदीय कार्य, ओमप्रकाश धुर्वे को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण और श्रम विभाग सौंपा गया है।
इसी तरह कुंवर विजय शाह को स्कूल शिक्षा, गौरीशंकर बिसेन को किसान कल्याण तथा कृषि विकास, रुस्तम सिंह को लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, अर्चना चिटनीस को महिला एवं बाल विकास, उमाशंकर गुप्ता को राजस्व, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कुसुम महदेले को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी व जेल, यशोधरा राजे सिंधिया को खेल और युवा कल्याण, धार्मिक न्यास व धर्मस्व विभाग, पारसचंद्र जैन को ऊर्जा, राजेंद्र शुक्ला को खनिज साधन, वाणिज्य, उद्योग व रोजगार और प्रवासी भारतीय मंत्रालय दिया गया है।
इसके अलावा अंतर सिंह आर्य को पशु पालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास, कुटीर एवं ग्रामोद्योग व पर्यावरण, रामपाल सिंह को लोक निर्माण, विधि एवं विधायी कार्य, ज्ञान सिंह को आदिम जाति कल्याण, अनुसूचित जाति कल्याण, माया सिंह को नगरीय विकास एवं आवास, भूपेंद्र सिंह को गृह एवं परिवहन, जयभान सिंह पवैया को उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन व जन शिकायत निवारण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
राज्यमंत्रियों में दीपक जोशी को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास (स्वतंत्र प्रभार), श्रम व स्कूल शिक्षा, लालसिंह आर्य को नर्मदा घाटी विकास (स्वतंत्र प्रभार), सामान्य प्रशासन व विमानन, शरद जैन को चिकित्सा शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), लोक स्वास्थ्य और परिवार कल्याण व संसदीय कार्य, सुरेंद्र पटवा को संस्कृति एवं पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार), किसान कल्याण तथा कृषि विकास, हर्ष सिंह को आयुष व नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा (स्वतंत्र प्रभार), जल संसाधन, संजय पाठक को सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (स्वतंत्र प्रभार), उच्च शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं निशक्तजन कल्याण, ललिता यादव को पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण एवं विमुक्त व अद्र्घघुमक्कड़ जनजाति (स्वतंत्र प्रभार), महिला एवं बाल विकास, विश्वास सारंग को सहकारिता, भोपाल गैस त्रासदी राहत तथा पुनर्वास (स्वतंत्र प्रभार), पंचायत एवं ग्रामीण विकास और सूर्यप्रकाश मीणा को उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण (स्वतंत्र प्रभार) और वन विभाग दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath