मप्र : शिवराज के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, लाठीचार्ज

भोपाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले के संबंध में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की, जिस दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले भी छोड़े। लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोट आने की खबर है।

इससे पहले बुधवार को राज्य विधानसभा में कांग्रेस ने व्यापमं मामले में मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगते हुए हंगामा किया था, जिस कारण विधानसभा की कार्यवाही सिर्फ तीन दिन तक चलने के बाद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी। विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करने के बाद ही कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के आवास के घेराव का ऐलान किया था, उसी के क्रम में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर उतरे।

कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को रोशनपुरा चौराहे पर जमा हुए और वहां से मुख्यमंत्री के आवास की ओर बढ़े। पुलिस ने पहले से ही मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर नाकेबंदी लगाकर रास्ता रोक दिया था। उसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले भी छोड़े।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा बरार सहित कई अन्य नेताओं की अगुवाई में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े, उसी दौरान उनकी पुलिस जवानों के साथ झड़पें हुईं। पुलिस ने लाठियां भांजीं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493