मप्र : शिवराज ने जन्मदिन पर सफाई कामगारों संग किया भोजन (फोटो सहित)

भोपाल, 5 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना 58वां जन्मदिन रविवार को सादगी से ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया। उन्होंने पत्नी साधना सिंह के साथ पूजा-अर्चना की और सफाई कामगारों के साथ भोजन किया।

मुख्यमंत्री चौहान के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री आवास पर सुबह से ही शुभकामनाएं देने वालों की भीड़ जुटी रही। चौहान को विभिन्न वर्गो के लोगों, राजनेताओं व समाजसेवियों ने शुभकामनाएं दीं। चौहान ने सभी की शुभकामनाएं स्वीकार कीं।

मुख्यमंत्री जन्मदिन के मौके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रक्तदान शिविर में शामिल हुए। शिविर में युवाओं ने जरूरतमंदों के लिए रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि मानव की सेवा करना ही सबसे बड़ा सौभाग्य है।

मुख्यमंत्री चौहान ने वाल्मीकि और सुदर्शन समाज के स्वच्छता सेवा सम्मान में भाग लिया।

वाल्मीकि समाज की ओर से मुख्यमंत्री को चांदी का मुकुट पहनाया गया तो सुदर्शन समाज ने सुदर्शनचक्र भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने अपने अभिनंदन के प्रत्युत्तर में कहा कि अगर वाल्मीकि समाज काम करना छोड़ दे तो कूड़े का ढेर लग जाएगा। उन्होंने चांदी का मुकुट समाज को वापस करते हुए कहा कि इसके जेवर बनाकर गरीब बेटियों को दे दें।

उन्होंने कहा कि गरीबों को रहने के लिए मकान दिया जाएगा। कामगारों के हित में कामगार वित्त आयोग बनाया जाएगा। सफाई कामगार आयोग पहले ही काम कर रहा है। मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी साधना सिंह ने सफाई कामगारों को भोजन करवाया और उनके साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने माता मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना भी की।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा, “शिवराज ने राजनीति की धारा बदल दी है। वाल्मीकि समाज की ओर से रतन झा ने अभिनंदनपत्र का वाचन किया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493