मप्र सरकार शासन चलाने में अक्षम, राष्ट्रपति शासन लगे : कांग्रेस

भोपाल, 10 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्य सरकार की क्षमताओं पर सवाल उठाते हुए राज्यपाल से राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की है।

यहां शनिवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए अजय सिंह ने कहा, “अब समय आ गया है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उपवास का नाटक छोड़ें और राजनीति से संन्यास लें। गांधी के हत्यारे गोडसे की विचारधारा के समर्थक आज गांधीवादी होने की नौटंकी कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि किसानों से शांति की अपील वह मुख्यमंत्री कर रहे हैं, जिनकी पुलिस की गोली से छह किसानों की मौत हो गई। यह सरासर हत्या है, क्योंकि सभी किसानों को कमर के ऊपर गोली मारी गई।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्यपाल से मांग की है कि वह प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाएं, क्योंकि राजकाज संभालने वाली शिवराज सरकार मौजूद हालात में घुटने टेक चुकी है।

मुख्यमंत्री शिवराज द्वारा भेल दशहरा मैदान में उपवास किए जाने पर कटाक्ष करते हुए नेता अजय सिंह ने आगे कहा, “इस प्रदेश की जनता ने उन्हें शासन-प्रशासन चलाने के लिए मंत्रालय सौंपा, बड़े-बड़े बंगले दिए, सारे ऐशो-आराम दिया और वे सरकार चलाने के लिए मैदान पहुंच गए। ऐसा करना प्रदेश की जनता और किसानों के साथ विश्वासघात है और मुख्यमंत्री उनका अपमान कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन कह रहे हैं कि प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ नहीं हो सकता। उधर, गृहमंत्री गैर जिम्मेदार बयान दे रहे हैं। कुल मिलाकर किसानों के साथ धोखाधड़ी हो रही है। मंत्री ने दूसरा धोखा यह दिया कि आंदोलित किसानों से बात न करके पार्टी संगठन से चर्चा की।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “हमारी मांग है कि मौजूदा हालात में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। मुख्यमंत्री की नौटंकी पर सरकारी खजाने से जो करोड़ों रुपये खर्च हो रहे हैं, उसकी वसूली शिवराज सिंह चौहान से हो या उनकी पार्टी भाजपा से हो, उस पूरे सरकारी पंडाल में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ता का जमघट है। किसानों की सभी जायज मांगें तत्काल मानी जाएं। प्रदेश में अन्नदाता किसानों पर गोली चलवाने के जिम्मेदार मुख्यमंत्री त्यागपत्र दें।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493